
ताज नगरी में मेट्रो निर्माण का शुभारम्भ करेंगे प्रधानमंत्री मोदी
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सोमवार कल आगरा मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों का शुभारम्भ करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश की राज्यपाल आनन्दीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरदीप सिंह पुरी सहित केन्द्र व प्रदेश सरकार के अन्य मंत्रिगण एवं जनप्रतिनिधि कार्यक्रम
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सोमवार कल आगरा मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों का शुभारम्भ करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश की राज्यपाल आनन्दीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरदीप सिंह पुरी सहित केन्द्र व प्रदेश सरकार के अन्य मंत्रिगण एवं जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। यह कार्यक्रम आगरा के 15वीं वाहिनी पीएसी परेड ग्राउण्ड में सम्पन्न होगा।
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने आज शाम यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आगरा मेट्रो रेल परियोजना, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल काॅरपोरेशन के तत्वावधान में संचालित होगी। इसके तहत 29.4 किलो मीटर लम्बे 02 काॅरिडोर प्रस्तावित हैं। ताज ईस्ट गेट से सिकन्दरा के बीच लगभग 14 किलो मीटर लम्बा पहला काॅरिडोर निर्मित होगा, जिसके तहत 13 मेट्रो स्टेशन होंगे। दूसरा काॅरिडोर आगरा कैण्ट से कालिन्दा विहार के बीच निर्मित होगा, जिसकी लम्बाई 15.4 किलोमीटर होगी तथा इसके तहत कुल 14 मेट्रो स्टेशन होंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के कार्यकाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में तेजी से अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। कनेक्टिविटी को बेहतर बनाया गया है। सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को जनता के दृष्टिगत सुदृढ़ किया गया है। नागरिक सुविधाओं को विकसित करते हुए ‘ईज़ ऑफ लिविंग’ पर फोकस किया गया है। इसी क्रम में आगरा मेट्रो रेल सेवाओं के निर्माण कार्यों का शुभारम्भ हो रहा है।
ALSO READ : आगरा के अधिवक्ता का शव इटावा की नहर में मिला
प्रवक्ता ने बताया कि इस मेट्रो रेल परियोजना से आगरा की 26 लाख की आबादी लाभान्वित होगी। साथ ही, प्रत्येक वर्ष आगरा आने वाले लगभग 60 लाख पर्यटक भी शहर में विश्वस्तरीय मेट्रो सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। आगरा मेट्रो रेल परियोजना के रूप में आगरा शहर को एक अत्याधुनिक और वैश्विक स्तर का मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (एमआर टीएस) उपलब्ध हो सकेगा। आगरा मेट्रो रेल के काॅरिडोर्स इस प्रकार निर्धारित किए गए हैं कि शहर के 04 प्रमुख रेलवे स्टेशनों, बस डिपो, काॅलेजों, प्रमुख बाजारों और पर्यटन स्थलों को आपस में जोड़ा जा सके।
उन्होंने बताया कि आगरा मेट्रो रेल शहरवासियों को पर्यावरण के अनुकूल, आरामदायक एवं बाधारहित सार्वजनिक यातायात का साधन उपलब्ध कराएगी। आगरा में ताजमहल, आगरा फोर्ट सहित अन्य विश्वप्रसिद्ध पर्यटन स्थल हैं। मेट्रो रेल सेवाओं के दृष्टिगत इन सभी स्थलों तक आवागमन सुगम होगा और इससे पर्यटक भी विशेष रूप से आकर्षित होेंगे।
गौरतलब है कि पिछले साल आठ मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कानपुर से वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगरा मेट्रो रेल परियोजना का शिलान्यास किया गया था, जिसके निर्माण कार्यों का शुभारम्भ श्री मोदी के कर-कमलों द्वारा कल सात दिसम्बर होने जा रहा है।
वार्ता