
मुकुल गोयल ने स्वतन्त्रता दिवस पर किया गया ध्वजारोहण,कार्मिकों को किया अलंकृत
लखनऊ ::: उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल ने स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अलंकृत किया। गोयल ने इस अवसर पर कहाकि आज देश के 75 वें स्वतंत्रता दिवस पर मैं आप सभी पुलिसजनों को हार्दिक बधाई देता हूँँ। इस अवसर पर उन्होंने नौ
लखनऊ ::: उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल ने स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अलंकृत किया।
गोयल ने इस अवसर पर कहाकि आज देश के 75 वें स्वतंत्रता दिवस पर मैं आप सभी पुलिसजनों को हार्दिक बधाई देता हूँँ। इस अवसर पर उन्होंने नौ पुलिस कार्मिकों को वीरता के लिये पुलिस पदक,चार को विशिष्ट सेवा के लिये राष्ट्रपति का पुलिस पदक, 73 पुलिस कार्मिकों को सराहनीय सेवा के लिये पुलिस पदक ,952 पुलिस कार्मिकों को अति उत्कृष्ट सेवा पदक, 764 पुलिस कार्मिकों को उत्कृष्ट सेवा पदक, पांच पुलिस कार्मिकों को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक, 45 पुलिस कार्मिकों को उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह, 202 पुलिस कार्मिकों को सराहनीय सेवा चिन्ह से सम्मानित किया।
इसके अलावा श्री गोयल ने 286 पुलिस कार्मिकों को पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह-हीरक, 114 पुलिस कार्मिकों को पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह-स्वर्ण एवं 42 पुलिस कार्मिकों को पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह-रजत प्रदान किये गये हैं। इन सभी कार्मिकों को अपनी ओर से हार्दिक बधाई दी।
डीजीपी ने कहा कि 15 अगस्त 1947 भारतीय इतिहास का भाग्यशाली और अतिमहत्वपूर्ण दिन था। आज ही के दिन हमारा राष्ट्र ब्रिटिश शासन से मुक्त हुआ और एक स्वतंत्र राष्ट्र बना। यह दिन आजादी के लिये अपना बलिदान देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद करने का दिन है। आज का दिन हमें राष्ट्र गौरव एवं आत्माभिमान की अनुभूति कराता है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता एक उपहार है, जो महान स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा किये गये बलिदान, त्याग व संघर्ष से प्राप्त हुआ हैै। आज हमारे देश की पहचान एक शक्तिशाली व प्रगतिशील राष्ट्र के रूप में है। यह राष्ट्रीय पर्व हमारे हृदय में नवीन स्फूर्ती, नवीन आशा, उत्साह तथा देशभक्ति का संचार करता है। आज के पावन अवसर पर राष्ट्र की स्वतंत्रता और सार्वभौमिकता की रक्षा का हम सब प्रण लेते हैं।
गोयल ने कहा कि पिछले एक वर्ष से अधिक का समय हम सभी के लिये चुनौतीपूर्ण रहा है। इस दौरान प्रदेश पुलिस राज्य की जनता की सहायता के लिये सदैव तत्पर रही है। कोरोना सर्वव्यापी महामारी के दौरान पुलिस द्वारा कोरोना वारीयर्स के रूप में पूरी लगन एवं निष्ठा से अभूतपूर्व परिश्रम कर जहाँ एक ओर नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराया गया, वहीं समाज के कमजोर वर्गों, महिलाओं, बच्चों व जन सामान्य को मदद पहुंचाकर मानव सेवा की नई मिसाल पेश की है। इस दौरान कर्तव्य की बेदी पर हमारे 182 पुलिस कर्मियों द्वारा अपने प्राणों की आहुति दी गयी। मैं उन सभी शहीदों को श्रद्धांजलि देता हूँ।
उन्होंने कहा कि जहां एक ओर हमारे जवान कोरोना वारीयर्स के रूप में कार्य कर रहे हैं, वहीं प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में एसडीआरएफ एवं पुलिस के जवानों द्वारा बाढ़ पीड़ितों की मदद की जा रही है।
वार्ता