अखिलेश की विजय यात्रा पर उमड़ा जनसैलाब

लखनऊ :: उत्तर प्रदेश की बागडोर अपने हाथ में एक बार फिर से लेने के इरादे से समाजवादी विजय रथ पर सवार होकर निकले पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को देखने के लिये मंगलवार काे सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा।समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज कानपुर के गंगाघाट से चुनाव अभियान की शुरूआत की।

लखनऊ :: उत्तर प्रदेश की बागडोर अपने हाथ में एक बार फिर से लेने के इरादे से समाजवादी विजय रथ पर सवार होकर निकले पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को देखने के लिये मंगलवार काे सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा।
समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज कानपुर के गंगाघाट से चुनाव अभियान की शुरूआत की। नोटबंदी के दौरान पैदा हुए ‘खजांची’ ने समाजवादी विजय रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लाल टोपी लगाए कार्यकर्ताओं और नेताओं के समूह से गंगाघाट लाल रंग से रंग गया ।

यादव का नौबस्ता के बाद घाटमपुर के नेवेली लिग्नाइट बिजली घर पर भव्य स्वागत हुआ। सड़क के दोनों किनारों पर बच्चे-बूढ़े, जवान और महिलाएं खड़ी, होकर उनका अभिनंदन कर रही थी। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व सांसद राजाराम पाल ने अखिलेश के समक्ष सपा की सदस्यता ग्रहण की। यादव ने कहा कि यह यात्रा गंगा-जमुनी तहजीब को बचाने और उत्तर प्रदेश के नवनिर्माण के लिए है। उत्तर प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाना है। यह तहजीब ही हमारी पहचान है। सभी धर्म के लोग प्रेमभाव से रहें उसको मजबूती देने के लिए यह यात्रा है।

उन्होंने कहा गंगा से लेकर यमुना तक यह विजय रथ चलेगा। इसके पहले चरण में यह 4 जिलों कानपुर शहर, कानपुर देहात, हमीरपुर, जालौन तक यात्रा जाएगी। समाजवादी विजय रथ यात्रा किसानों, नौजवानों के हक और सम्मान के लिए निकली है।

Also Read महाकौशल भाजपा को झटका, सैंकड़ों कार्यकर्ता थामेंगे कांग्रेस का हाथ

घाटमपुर में नेवेली लिग्नाइट बिजली घर के पास आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा राज में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। कालाधन वापस नहीं आया, महंगाई थमी नहीं। पेट्रोल-डीजल-रसोई गैस और खाद, कीटनाशक के दाम आसमान चढ़ गए। किसान, गरीब, नौजवान सभी दुःखी है। यह सरकार गरीबों का हक छीन रही है। रोजी-रोजगार की उम्मीदें टूट गई हैं। भाजपा सरकार राष्ट्रीय सम्पत्तियां बेचने में लगी है। आरक्षण खत्म किये जाने की साज़िश है।

यादव ने कहा समाजवादी सरकार बनने पर किसानों को बिजली फ्री में भी दे सकते हैं। सिंचाई मुफ्त होगी। जनता की सुविधा के लिए सपा सरकार ने एम्बूलेंस सेवा 108, 102 शुरू की थी। अपराधों पर नियंत्रण के लिए 100 व महिला सुरक्षा के लिए 1090 डायल सेवाएं शुरू की थी, इनका विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि नेवेली लिग्नाहट बिजली घर सपा सरकार में बना यदि इसे पूरा कर दिया गया होता तो यहां प्रदेश में उजाला के साथ देश के अन्य भागों को भी बिजली मिलती। भाजपा सरकार साढ़े चार साल में भी उसे पूरा नहीं कर पाई। सपा सरकार आने पर हम ही उद्घाटन करेंगे।

रथ यात्रा के दौरान उमड़े जनसैलाव से गदगद श्री यादव ने कहा कि जनता में जो उत्साह दिख रहा है उससे लग रहा समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। दुबारा भाजपा सरकार नहीं आएगी। बाबा, बुल और बुलडोजर सभी जाएंगे। हम 400 से ज्यादा सीटें जीतेंगे। उन्होंने कहा किसानों-नौजवानों, व्यापारियों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों की भी यह जीत होगी।

कानपुर में रथ पर सवार होने से पहले उन्होने पत्रकारों से कहा कि यह प्रदेश किसानों का है लेकिन किसान यहां सबसे ज्यादा अपमानित और पीड़ित है। उनसे कहा गया था कि आय दुगनी होगी परन्तु वह भी छीन ली गई। धान खड़ा हुआ है, उसकी कीमत नहीं मिल रही है। किसानों को लखीमपुरखीरी में गाड़ियों से कुचल दिया गया। अगर भाजपा को नहीं हटाया गया तो यह उन्हें टायरों से संविधान को कुचल देंगे।

कानपुर से विजय रथ यात्रा की शुरूआत के सम्बंध में कहा कि कानपुर औद्योगिक नगरी है। भाजपा राज में उद्योग बर्बाद है। जनता भाजपा के कुशासन, अन्याय, अत्याचार से पीड़ित है। भाजपा से उत्तर प्रदेश को धोखा मिला है। किसान अपमानित हुआ है। नौजवान की नौकरी, रोजगार छिन गया है, महंगाई बढ़ी है। इसलिए समाजवादी विजय रथ से जनता के बीच जा रहे हैं, जिससे उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी का सफाया हो जाएगा।

वार्ता

Recent News

Follow Us