ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह पंचतत्व में विलीन, पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ दी गयी अंतिम विदायी
ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह पंचतत्व में विलीन, पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ दी गयी अंतिम विदायी
भोपाल। वायुसेना के शहीद ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को आज यहां बैरागढ़ स्थित विश्रामघाट में पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदायी दी गयी और वे पंचतत्व में विलीन हो गए। परिजनों, सेना के अधिकारियों जवानों, जनप्रतिनिधियों और हजारों लोगों की मौजूदगी में ग्रुप कैप्टन को उनके लगभग दस वर्षीय पुत्र रिधिमन ने मुखाग्नि दी। ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के छोटे भाई एवं नौसेना के अधिकारी तनुज सिंह ने भी भतीजे रिधिमन के साथ अपने भाई को मुखाग्नि दी। इस अवसर पर ग्रुप कैप्टन के पिता सेवानिवृत कर्नल के पी सिंह, मां उमा सिंह, पत्नी गीतांजलि और अन्य परिजन भी मौजूद थे। ग्रुप कैप्टन की एक बेटी आराध्या भी है, जो पुत्र रिधिमन से छोटी है।
ऐ मातृभूमि के सच्चे सेवक
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) December 17, 2021
तुम्हारे शौर्य को प्रणाम!
माटी के कण-कण को,
तुम पर रहेगा सर्वदा अभिमान!
राष्ट्र सेवा की तुमने जो ज्योत जलाई,
उसको हम सब करते हैं प्रणाम!
शहीद ग्रुप कैप्टन वरूण सिंह जी के चरणों में भोपाल के वैकुंठ धाम, संत हिरदाराम मुक्तिधाम में श्रद्धांजलि दी। pic.twitter.com/1q8qGVmBIe
इसके पहले यहां सेना के अस्पताल से उनकी पार्थिव देह को एक ट्रक में सजाकर रखा गया और उनकी अंतिम यात्रा प्रारंभ हुयी, जो बैरागढ़ विश्रामघाट पहुंचने पर संपन्न हुयी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी अंतिम विदायी देने लिए श्मशानघाट पर मौजूद रहे। उन्होंने पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित किया। सेना के अधिकारियों कर्मचारियों ने भी पुष्पचक्र अर्पित करने के साथ ही अपने जांबाज अधिकारी को सलामी दी।
शौर्य चक्र से सम्मानित ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का निधन बुधवार को बंगलूर मेें हो गया था और उनकी पार्थिव देह गुरुवार को यहां लायी गयी थी। उनके माता पिता भोपाल में ही निवास करते हैं। पार्थिव देह के कल और आज परिजनों, परिचितों के अलावा आम लोगों ने भी दर्शन किए और उन्हें नम आंखों से विदायी दी।
तमिलनाडु में 08 दिसंबर को देश के पहले रक्षा प्रमुख जनरल बिपिन रावत के हेलीकॉप्टर में ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह भी शामिल थे, जो उस दिन दुर्घटना का शिकार हो गया था। हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों का निधन उसी समय हो गया था और ग्रुप कैप्टन को गंभीर हालत में बंगलूर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने एक सप्ताह से अधिक समय तक मौत से संघर्ष किया।
वार्ता