घना कोहरा और शीतलहर का कहर: 4 राज्यों में भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, यूपी-दिल्ली-बिहार में ठंड बढ़ी – NewsKranti

घना कोहरा और शीतलहर का कहर: 4 राज्यों में भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, यूपी-दिल्ली-बिहार में ठंड बढ़ी

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। IMD ने पहाड़ी राज्यों में बारिश-बर्फबारी और मैदानी इलाकों में तापमान गिरने का अलर्ट जारी किया है।

Saniya Soni
3 Min Read
Highlights
  • उत्तर भारत में घना से अत्यंत घना कोहरा
  • शीतलहर से पारा लगातार गिरा
  • जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
  • दिल्ली में 25 दिसंबर से तापमान में गिरावट
  • यूपी के 32 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी
  • बिहार में गया सबसे ठंडा, शीत दिवस की स्थिति
  • उत्तराखंड में धूप से कुछ राहत

Weather Update Today:देशभर में ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खासतौर पर उत्तर भारत में शीतलहर और घने कोहरे का असर साफ नजर आ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर भी पड़ रहा है, जिससे दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में मौसम बिगड़ सकता है।

4 राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

IMD ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 24 दिसंबर को मध्यम से भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा 28 दिसंबर को भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

दिल्ली-NCR का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 25 दिसंबर से दिल्ली में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। 24-25 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की आशंका है।

- Advertisement -

यूपी में ठंड और कोहरे का कहर

उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रकोप जारी है। अगले 4 दिनों तक घना से अत्यंत घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को 32 जिलों में कोहरे की चेतावनी दी गई है।बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और सहारनपुर में घना से बहुत घना कोहरा, जबकि बरेली, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत और शाहजहांपुर में अत्यंत घना कोहरा छाने की संभावना है।

लखनऊ में आज कुछ राहत मिल सकती है। यहां न्यूनतम तापमान 11 और अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, लेकिन दो दिन बाद फिर कोहरा बढ़ने के आसार हैं।

बिहार में बढ़ी ठिठुरन

बिहार में भीषण शीतलहर जारी है। पटना, अरवल, औरंगाबाद समेत 14 जिलों में शीत दिवस की स्थिति बनी हुई है। पिछले 24 घंटों में गया राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7–8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तराखंड में धूप से राहत

उत्तराखंड में धूप निकलने से देहरादून और आसपास के इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि मैदानी क्षेत्रों में कोहरा और ठंड परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है।

Share This Article