वृंदावन में नए साल के स्वागत के मौके पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। श्रीबांकेबिहारी मंदिर, प्रेम मंदिर और इस्कॉन मंदिर में दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगीं। मंदिर परिसर और गलियों तक भक्तों की भीड़ दिखाई दी।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के दौरान कई बार धक्का-मुक्की और भीड़ अनियंत्रित होने की स्थिति बनी। प्रशासन और मंदिर सेवायतों ने सुरक्षा बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग, और व्यवस्थाओं का सहारा लिया।
प्रेम मंदिर और इस्कॉन मंदिर में भव्य रोशनी, साज-सज्जा और कीर्तन-भजन के बीच नए साल का स्वागत किया गया। प्रशासन के अनुसार, नए साल पर वृंदावन में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किए गए, लेकिन मंदिरों के आसपास जाम की स्थिति बनी रही।
