Andhra Pradesh Train Fire News:आंध्र प्रदेश में एक बड़ा रेल हादसा सामने आया है। विशाखापट्टनम से करीब 66 किलोमीटर दूर यलमंचिली स्टेशन के पास टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के AC कोच में अचानक आग लग गई। इस हादसे से पूरी ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, आग की सूचना रात करीब 12:45 बजे मिली। आग की चपेट में ट्रेन के दो AC कोच आ गए, जिनमें कुल 158 यात्री सवार थे। एक कोच में 82 और दूसरे कोच में 76 यात्री मौजूद थे।
दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत और बचाव कार्य के दौरान बी1 AC कोच से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान चंद्रशेखर सुंदरम के रूप में हुई है।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आग से क्षतिग्रस्त दोनों कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।
