कानपुर | कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला और रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक कलयुगी भांजे ने उसी घर को अपना निशाना बनाया जहाँ वह बचपन से पला-बढ़ा। विश्वास की आड़ में आरोपी ने अपनी बुआ के घर से करीब 95 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर औने-पौने दामों में बेच दिए। कल्याणपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी भाई और चोरी का माल खरीदने वाले सुनार को गिरफ्तार कर लिया है।
GST इंस्पेक्टर की मां को बनाया निशाना
मामले की वादिनी अनीता सरोज, जो कि वर्तमान में अपने पति मनोज (कस्टम के जीएसटी इंस्पेक्टर) के साथ बैंगलोर में रहती हैं, ने पुलिस को चोरी की सूचना दी थी। अनीता की बुजुर्ग मां कल्याणपुर के अंबेडकर पुरम इलाके में रहती हैं। मां की देखभाल और साथ के लिए उनका ममेरा भाई आकाश वर्मा बचपन से ही उसी घर में रह रहा था। परिवार को अंदाज़ा भी नहीं था कि जिस पर वे सबसे ज्यादा भरोसा कर रहे हैं, वही आस्तीन का सांप निकलेगा।
चाबी चुराकर धीरे-धीरे खाली की अलमारी
पुलिस की सघन जांच में यह सनसनीखेज सच सामने आया कि आकाश वर्मा ने घर की अलमारी की चाबियों का एक्सेस हासिल कर लिया था। वह एक साथ बड़ी चोरी करने के बजाय धीरे-धीरे जेवर निकालता था ताकि किसी को शक न हो। चोरी किए गए इन कीमती आभूषणों को वह खागा स्थित ‘श्याम ज्वेलर्स’ के मालिक अनिल कुमार उर्फ प्रिंस मौर्य को बेहद कम कीमतों पर बेच देता था।
पुलिस की रेड और बरामदगी
कल्याणपुर थाने की टीम ने सटीक मुखबिरी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जाल बिछाया। पुलिस टीम, जिसमें उप निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, उप निरीक्षक रवि कुमार और उप निरीक्षक जय सिंह शामिल थे, ने दबिश देकर आरोपी आकाश वर्मा और सुनार अनिल कुमार को धर दबोचा।
अभियुक्तों के पास से बरामद सामान:
- एक अदद काला-सफेद कीमती ब्रेसलेट।
- एक अदद पीली धातु (सोना) की भारी जंजीर।
- एक जोड़ी कान के टॉप्स।
- 1.270 ग्राम पीली धातु का टुकड़ा (पिघला हुआ सोना)।
- ₹5,640 नकद और दो एंड्रॉयड स्मार्टफोन।
न्यायालय में पेशी और विधिक कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहाँ से उन्हें जेल भेजा जाएगा। इस खुलासे के बाद इलाके में चर्चा है कि कैसे एक करीबी रिश्तेदार ने ही लालच में आकर सालों के भरोसे का खून कर दिया।
