चाईबासा नक्सल एनकाउंटर: सारंडा के जंगलों में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, एक और महिला नक्सली ढेर, कुल आंकड़ा 16 पहुंचा – NewsKranti

चाईबासा नक्सल एनकाउंटर: सारंडा के जंगलों में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, एक और महिला नक्सली ढेर, कुल आंकड़ा 16 पहुंचा

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान जारी है। शुक्रवार सुबह हुई ताजा मुठभेड़ में एक महिला नक्सली को ढेर कर दिया गया। इससे पहले गुरुवार को सुरक्षाबलों ने 15 नक्सलियों को मार गिराया था।

admin
By
admin
2 Min Read
ख़बर एक नज़र में :
  • चाईबासा के सारंडा जंगल में शुक्रवार को एक महिला नक्सली ढेर।
  • 'ऑपरेशन मेधा बुरु' में अब तक कुल 16 नक्सलियों का खात्मा।
  • 1 करोड़ का इनामी नक्सली 'अनल दा' भी गुरुवार को मारा गया।
  • भारी मात्रा में आधुनिक हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद।
  • सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी।

चाईबासा/झारखंड:

झारखंड के नक्सल प्रभावित पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगलों में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक युद्ध छेड़ दिया है। ‘ऑपरेशन मेधा बुरु’ के तहत जारी इस महाअभियान में शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने एक और बड़ी सफलता हासिल की। बीहड़ कुमड़ी और हिंजोदिरी गांव के बीच हुई ताजा मुठभेड़ में एक महिला नक्सली को मार गिराया गया है।

कुल 16 नक्सली ढेर, इनामी अनल दा का भी अंत

इस दो दिवसीय ऑपरेशन में मारे गए नक्सलियों की कुल संख्या अब 16 हो गई है। गौरतलब है कि गुरुवार को हुई भीषण मुठभेड़ में माओवादियों की केंद्रीय कमेटी के सदस्य और 1 करोड़ रुपये के इनामी नक्सली पतिराम मांझी उर्फ ‘अनल दा’ को भी सुरक्षाबलों ने मार गिराया था। अनल दा पर झारखंड, ओडिशा और एनआईए द्वारा भारी इनाम घोषित था और वह पिछले कई सालों से सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था।

हथियारों का जखीरा और गोला-बारूद बरामद

मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों को भारी मात्रा में हथियार, जिंदा कारतूस, आईईडी बनाने की सामग्री और दैनिक उपयोग का सामान मिला है। सीआरपीएफ के आईजी साकेत कुमार सिंह ने बताया कि यह ऑपरेशन कोबरा 209, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की एक संयुक्त टीम द्वारा चलाया गया था।

- Advertisement -

नक्सली आंदोलन को लगा गहरा झटका

अनल दा जैसे बड़े नेता और 16 सक्रिय नक्सलियों के मारे जाने से सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर निर्णायक असर पड़ने की उम्मीद है। पुलिस के अनुसार, अब राज्य में केवल 50 से 60 सक्रिय नक्सली ही बचे हैं। प्रशासन ने शेष बचे नक्सलियों से आत्मसमर्पण करने की अपील की है।

Share This Article