ट्रंप के सीजफायर दावे के बावजूद थाईलैंड-कंबोडिया बॉर्डर पर बमबारी जारी

थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर हिंसा जारी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के सीजफायर दावे को थाईलैंड ने नकार दिया, जबकि कंबोडिया ने बमबारी जारी रहने का आरोप लगाया।

admin
By
admin
2 Min Read

दक्षिण-पूर्व एशिया में थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद और गंभीर होता जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीजफायर कराने के दावे के बावजूद दोनों देशों की सेनाओं के बीच टकराव थमने का नाम नहीं ले रहा है।

कंबोडिया के सूचना मंत्रालय ने आरोप लगाया है कि थाई सेना विवादित सीमा पर लगातार हमले कर रही है। मंत्रालय के अनुसार, बमबारी में फाइटर जेट्स का भी इस्तेमाल किया गया है और अब तक हमले बंद नहीं हुए हैं।

वहीं, थाईलैंड ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कंबोडिया पर अंतरराष्ट्रीय नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है। थाई सेना का कहना है कि कंबोडियाई बलों ने नागरिक इलाकों को निशाना बनाया और सीमा क्षेत्रों में बारूदी सुरंगें बिछाईं।

बॉर्डर पर जारी तनाव के बीच थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल ने साफ कहा कि कोई सीजफायर लागू नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जब तक देश की जमीन और नागरिकों को खतरा रहेगा, तब तक सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी।

गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि उन्होंने थाईलैंड और कंबोडिया के प्रधानमंत्रियों से बातचीत कर सीजफायर सुनिश्चित कराया है। हालांकि दोनों देशों की ओर से किसी भी औपचारिक सीजफायर समझौते की पुष्टि नहीं की गई है।

कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेत ने कहा है कि उनका देश अब भी विवाद का शांतिपूर्ण समाधान चाहता है और मलेशिया की मध्यस्थता से हुए पुराने समझौतों का पालन करने के लिए तैयार है।

सीमा पर जारी संघर्ष के चलते हजारों लोगों को अपने घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है, जिससे क्षेत्रीय अस्थिरता और मानवीय संकट की आशंका बढ़ गई है।

Share This Article