मेरठ। मवाना कस्बे के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। यहां कोरोना वायरस की चेन टूट गई है। जिस सब्जी विक्रेता को पिछले दिन संक्रमण की पुष्टि हुई थी, उसके परिवार के 13 सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। ऐसे में बेहद कम उम्मीद है कि सब्जी विक्रेता के संपर्क में आने वाले लोगों तक यह वायरस पहुंचा होगा।
मवाना के मोहल्ला कल्याण सिंह निवासी 35 वर्षीय युवक को चार दिन पहले कोरोना की पुष्टि हुई थी। वह नवीन मंडी में सब्जी बेचता था। पुलिस ने उसके संपर्क वाले सौ आढ़तियों को ट्रेस किया। इनकी थर्मल स्क्रीनिंग पूरी हो चुकी है। शुक्रवार को सभी आढ़तियों के सैंपल लिए जाने की उम्मीद है। सब्जी विक्रेता के कोरोना पॉजीटिव होने से उससे सब्जी खरीदने वाले लोग दहशत में थे। इस बीच यह खबर सुकून देने वाली आई है। सब्जी विक्रेता के परिवार के 13 लोगों के सैंपल लिए गए थे। जांच में इन सभी रिपोर्ट निगेटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस परिवार की रिपोर्ट से यह साबित होता है कि यहां कोरोना की चेन टूट गई है। इससे अब आढ़तियों या ग्राहकों के संक्रमित होने की आशंका बेहद क्षीण हो गई है। हालांकि एहतियात के तौर पर सभी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। मवाना थाने के इंस्पेक्टर राजेंद्र त्यागी ने बताया कि सब्जी विक्रेता के संपर्क में आने वाले नवीन मंडी के करीब सौ आढ़तियों की सैंपलिंग शुक्रवार को हुई.
रिपोटर मोहित वर्मा
