बाइक सवार बदमाशों ने महिला सिपाही से लूटा पर्स, पिकेट ड्यूटी को भनक तक नहीं लगी, CCTV खंगाल रही पुलिस - NewsKranti

बाइक सवार बदमाशों ने महिला सिपाही से लूटा पर्स, पिकेट ड्यूटी को भनक तक नहीं लगी, CCTV खंगाल रही पुलिस

सीसामऊ में ड्यूटी से लौट रही महिला सिपाही से बाइक सवार बदमाशों ने पर्स लूट लिया। घटना के समय नजदीकी पिकेट मौजूद होने के बावजूद बदमाश फरार हो गए।

Saniya Soni
2 Min Read
ख़बर एक नज़र में :
  • सीसामऊ थाना क्षेत्र के गांधीनगर इलाके की घटना
  • महिला सिपाही से 10 हजार नकद और दस्तावेज लूटे
  • बाइक सवार दो बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार
  • CCTV फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश
  • घटनास्थल के पास पिकेट ड्यूटी होने के बावजूद पुलिस नाकाम

कानपुर के सीसामऊ थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। रविवार सुबह ड्यूटी से घर लौट रही महिला सिपाही से बाइक सवार बदमाशों ने पर्स लूट लिया और मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद पुलिस की गश्त और पिकेट ड्यूटी की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

चमनगंज निवासी महिला सिपाही पिंकी पाल, जो महिला थाने में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर तैनात हैं, रविवार सुबह रात्रि ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रही थीं। सुबह करीब 6:45 से 6:55 बजे के बीच गांधीनगर इलाके में पंचम पनीर वाले के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनके हाथ से पर्स छीन लिया।

पीड़िता के अनुसार पर्स में 10,000 रुपये नकद, ब्लूटूथ डिवाइस और जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। वारदात के तुरंत बाद उन्होंने सीसामऊ थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने लूट की प्राथमिकी दर्ज की है।

- Advertisement -

सीसामऊ थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल से महज 500 मीटर की दूरी पर गोपाल टॉकीज और प्रेमनगर चौराहा है, जहां नियमित पिकेट ड्यूटी रहती है, इसके बावजूद बदमाश आसानी से फरार हो गए।

फिलहाल पुलिस सब्जी विक्रेताओं और आसपास के दुकानदारों से पूछताछ कर रही है। यह घटना एक बार फिर कानपुर में बढ़ते अपराध और पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े कर रही है।

Share This Article