कानपुर। यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उत्तर-मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल की ओर से पहली बार मोबाइल फूड वैन सेवा की शुरुआत की जा रही है। मार्च 2026 से यह सुविधा गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध होगी, जहां यात्रियों को किफायती दामों पर स्वादिष्ट और गुणवत्तायुक्त भोजन मिलेगा।
पांच साल के लिए दी गई जिम्मेदारी
प्रयागराज मंडल ने आरबी फूड्स नामक निजी कंपनी को मोबाइल फूड वैन संचालन का ठेका दिया है। यह अनुबंध 29 मार्च 2026 से 28 मार्च 2031 तक प्रभावी रहेगा। कंपनी गोविंदपुरी स्टेशन परिसर के सर्कुलेटिंग एरिया में वैन खड़ी कर भोजन सेवा शुरू करेगी।
24 घंटे मिलेगी खानपान की सुविधा
मोबाइल फूड वैन 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन यात्रियों को ताजा और गरमागरम भोजन उपलब्ध कराएगी। रेलवे की ओर से कंपनी को साफ-सफाई और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मिलेगा विविध प्रकार का भोजन
इस मोबाइल फूड वैन में चाय, कॉफी, शीतल पेय, पानी की बोतल, समोसा, पेटीज, चाइनीज और साउथ इंडियन व्यंजन के साथ-साथ दाल, चावल, रोटी और मौसमी सब्जियां भी उपलब्ध होंगी। भोजन की कीमतें कंपनी द्वारा तय की जाएंगी, लेकिन यह अन्य रेस्टोरेंट की तुलना में वाजिब होंगी।
आसपास के लोग भी उठा सकेंगे लाभ
इस सुविधा का लाभ केवल यात्रियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गोविंदपुरी स्टेशन के आसपास रहने वाले लोग भी इस मोबाइल फूड वैन से भोजन ले सकेंगे।
यात्री सुविधाओं में होगा इजाफा
जनसंपर्क अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि यात्रियों को बेहतर और सस्ता भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल में पहली बार इस तरह की मोबाइल फूड वैन सेवा शुरू की जा रही है।
