कानपुर में मानवता की मिसाल: श्री श्याम जी सखा मण्डल का 34वां रक्तदान

‘रक्तदान का वादा, मानवता का इरादा’, श्याम सखा मण्डल के शिविर में 165 यूनिट रक्त एकत्रित

श्री श्याम जी सखा मण्डल, कानपुर द्वारा आयोजित 34वें रक्तदान शिविर में भारी उत्साह देखा गया। गर्मी के बावजूद 165 यूनिट रक्तदान कर मानवता की सेवा की गई।

admin
By
admin
3 Min Read
ख़बर एक नज़र में :
  • आयोजन: श्री श्याम जी सखा मण्डल का 34वां रक्तदान शिविर।
  • स्थान: आई.एम.ए. ब्लड सेंटर, परेड, कानपुर।
  • कुल संग्रह: 165 यूनिट रक्त।
  • अतिथि: विधायक अमिताभ बाजपेई और विधायक सलिल बिश्नोई।

कानपुर | “रक्त देने का इरादा-इरादा कर लिया हमने, शीश के दानी से वादा-ये वादा कर लिया हमने।” इन्हीं प्रेरक पंक्तियों के साथ कानपुर की अग्रणी सामाजिक संस्था श्री श्याम जी सखा मण्डल (पंजी.) द्वारा रविवार, 12 अप्रैल 2026 को 34वें विशाल रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। परेड स्थित आई.एम.ए. (IMA) ब्लड सेंटर में आयोजित इस शिविर में शहरवासियों ने भीषण गर्मी के बावजूद सेवा की अनूठी मिसाल पेश की।

विधायकों ने किया रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन

शिविर का विधिवत शुभारंभ श्याम प्रभु के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक अमिताभ बाजपेई और विधायक सलिल बिश्नोई ने रक्तदाताओं का मनोबल बढ़ाया। अतिथियों ने कहा कि रक्तदान महादान है, जो न केवल किसी की जान बचाता है बल्कि समाज में भाईचारे का संदेश भी देता है।

महिलाओं और परिवारों ने दिखाया भारी उत्साह

शिविर की खास बात यह रही कि यहाँ पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रथम पंक्ति में आलोक खन्ना, पंकज गर्ग, शिल्पी सर्राफ और रुचि किशोर गुप्ता ने रक्तदान कर प्रक्रिया की शुरुआत की। कई परिवारों ने एक साथ रक्तदान किया, जिनमें किशन अग्रवाल और उनकी पत्नी सुधा अग्रवाल का योगदान सराहनीय रहा। रक्तदाताओं की सुविधा के लिए आई.एम.ए. ब्लड सेंटर ने पूरे हॉल को वातानुकूलित (AC) रखा था।

- Advertisement -

18 वर्षों से नि:स्वार्थ सेवा का संकल्प

मण्डल के पदाधिकारी अंकित अग्रवाल ने बताया कि संस्था पिछले 18 वर्षों से यह पुनीत कार्य कर रही है। अब तक 33 शिविरों के माध्यम से 3500 से अधिक यूनिट रक्त नि:स्वार्थ भाव से जरूरतमंदों, विशेषकर सरकारी अस्पतालों में भर्ती गरीब व असहाय मरीजों को उपलब्ध कराया गया है।

समय सीमा के बाद भी जारी रही कतारें

शिविर का निर्धारित समय सुबह 10:00 से शाम 04:00 बजे तक था, लेकिन रक्तदाताओं के भारी उत्साह और लंबी कतारों को देखते हुए इसे शाम 5:30 बजे तक जारी रखना पड़ा। अत्यधिक गर्मी के बीच कुल 165 यूनिट रक्त एकत्रित कर आई.एम.ए. ब्लड सेंटर को सुपुर्द किया गया। मण्डल की ओर से प्रत्येक रक्तदाता को श्याम प्रभु का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

Share This Article