कानपुर, 07 फरवरी 2026। उत्तर प्रदेश के कानपुर का सबसे पॉश इलाका ‘स्वरूप नगर’ बुधवार देर रात अखाड़े में तब्दील हो गया। यहाँ एक मशहूर रूफटॉप रेस्टोरेंट में खाना खाने गए युवकों को बासी खाने की शिकायत करना इतना महंगा पड़ा कि उन्हें अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड तक पहुँचना पड़ा। रेस्टोरेंट संचालक और उसके कर्मचारियों ने गुंडागर्दी की सारी हदें पार करते हुए ग्राहकों पर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया।
क्या है पूरी घटना?
लोहारन भट्टा के रहने वाले आकाश पासवान बुधवार रात अपने दोस्त शिवम कटियार का जन्मदिन मनाने के लिए दोस्तों के साथ स्वरूप नगर स्थित ‘द लाइन लाइव रूफटॉप रेस्टोरेंट’ गए थे। पार्टी का माहौल तब तनावपूर्ण हो गया जब परोसे गए खाने से तेज बदबू आने लगी। आकाश ने जब इसकी शिकायत रेस्टोरेंट के मैनेजर दीपांकर से की, तो मैनेजर ने अपनी गलती मानने के बजाय युवकों के साथ बदतमीजी शुरू कर दी।
लोहे की रॉड से हमला, हाथ-पैर तोड़े
आरोप है कि विवाद बढ़ते ही रेस्टोरेंट संचालक पीयूष अपने 8 से 10 बाउंसरों और कर्मचारियों के साथ तीसरी मंजिल पर पहुँचा। बिना किसी बातचीत के, इन लोगों ने आकाश और उसके दोस्तों पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला बोल दिया। हमले में बृजमोहन कुशवाहा, विक्रांत यादव और कृष्णम द्विवेदी के सिर फट गए। मुख्य पीड़ित आकाश पासवान की आंख में गंभीर चोट आई है और उसका दाहिना हाथ टूट गया है। युवकों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर हड़कंप मच गया, लेकिन रेस्टोरेंट के कर्मचारियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ।
पुलिस की कार्रवाई और पीड़ित के गंभीर आरोप
घटना के बाद खून से लथपथ युवकों को पुलिस ने एलएलआर अस्पताल (हैलट) में भर्ती कराया। पीड़ित आकाश ने स्वरूप नगर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शुरुआत में पुलिस ने मामले को रफा-दफा करने और हल्की धाराओं में केस दर्ज करने की कोशिश की। हालांकि, जब मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आया और घायलों की मेडिकल रिपोर्ट सामने आई, तब पुलिस ने सख्त रुख अपनाया।
एडीसीपी सेंट्रल अर्चना सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रेस्टोरेंट संचालक पीयूष, मैनेजर दीपांकर और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (Section 307) समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
