कानपुर। शहर का सबसे व्यस्ततम इलाका कहा जाने वाला रामादेवी चौराहा मंगलवार दोपहर उस वक्त अखाड़ा बन गया, जब एक मामूली टक्कर के बाद कार सवार युवकों ने अपना आपा खो दिया। आरोप है कि ओवरटेक करने के चक्कर में कार रोडवेज बस से टकरा गई, जिसके बाद कार से उतरे ‘बाउंसर’ जैसे दिखने वाले युवकों ने बस चालक की बीच सड़क पर जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, दबंग चालक को जबरन अपनी कार में डालकर ले जाने लगे, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर छुड़ाया।
ओवरटेक की होड़ और फिर जोरदार टक्कर
फतेहपुर के बिंदकी, तेंदुली गांव निवासी राजेश कुमार अवस्थी फजलगंज डिपो की रोडवेज बस के चालक हैं। मंगलवार दोपहर वह बांदा के लिए बस लेकर निकले थे। रामादेवी चौराहे पर जाम के कारण बस धीमी गति से रेंग रही थी। इसी दौरान लखनऊ नंबर की एक तेज रफ्तार कार ने गलत दिशा से बस को ओवरटेक करने की कोशिश की। इस प्रयास में कार बस के अगले हिस्से से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई।
बंधक बनाकर ले जाने का प्रयास, जेब से गिरे पैसे
टक्कर लगते ही कार सवार आगबबूला हो गए। बस रुकते ही कार से 3-4 युवक नीचे उतरे और बस चालक राजेश को खिड़की से खींचकर नीचे उतार लिया। चश्मदीदों के मुताबिक, युवकों ने चालक को थप्पड़ और लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। जब बस के परिचालक रामबाबू ने विरोध किया, तो उन्हें भी धमकाया गया।
हैरतंगेज बात यह रही कि मारपीट के बाद आरोपी युवक चालक को जबरन अपनी कार में बैठाकर चकेरी एयरपोर्ट की ओर ले जाने लगे। चालक राजेश का आरोप है कि इस छीना-झपटी और पिटाई के दौरान उनकी जेब में रखे 1600 रुपये भी कहीं गिर गए या छीन लिए गए।
पुलिस की तत्परता: घेराबंदी कर बचाया गया चालक
परिचालक ने तुरंत शोर मचाया और चकेरी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए एयरपोर्ट रोड पर कार को रोक लिया और चालक राजेश को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया। गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत काशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार हुआ।
कानूनी कार्रवाई: 4 आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही रोडवेज डिपो के अधिकारी भी चकेरी थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि:
“बस चालक की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। चार युवकों के खिलाफ फिलहाल शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है और कार को कब्जे में लिया गया है। मारपीट और अपहरण के प्रयास के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।”
