कश्मीर में नए साल पर बर्फबारी की संभावना, उत्तर भारत में 6 राज्यों में कोल्डवेव और घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर घाटी में नए साल के आसपास बारिश और बर्फबारी का नया दौर शुरू होने की संभावना है। घाटी के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान लगातार शून्य डिग्री से नीचे बना हुआ है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, बिहार और मध्य प्रदेश में शीतलहर जारी है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़क पर गाड़ियों की विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई और यातायात धीमा हो गया।
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 31 दिसंबर तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 जनवरी तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा रहने की संभावना जताई है।
अलर्ट विवरण:
ऑरेंज अलर्ट: पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, मेघालय, त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैंड।
येलो अलर्ट: हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल।
शीतलहर की चेतावनी: बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़।
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में तेज हवा और बिजली की चेतावनी।
हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 2.5°C दर्ज किया गया। अंबाला में 8.5°C, नारनौल में 5°C और रोहतक में 5.8°C तापमान रहा। मौसम विभाग ने लोगों को घने कोहरे में वाहन धीमी गति से चलाने और फॉग लाइट इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
