चुनाव आयोग ने सोमवार को बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की ऐलान कर दिया है। इसके साथ चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।
रिपोर्ट है कि भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) दोनों ही सीटों से समझौता करने के मूड में नहीं है और बराबर सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
ऐसे में दोनों प्रमुख दलों के बीच 205 सीटों का बराबरी से बंटवारा किया जाएगा। आइए चुनाव में सीटों का गणित समझते हैं।
सीटों पर बंटवारे पर भाजपा और JDU में चल रही बातचीत
भाजपा और JDU, दोनों दलों के बीच कुल 205 सीटों का बंटवारा किया जाएगा। सीटों के बंटवारे पर बातचीत अभी जारी है और प्रत्येक दल कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा, इसका अंतिम फार्मूला अभी तय होना बाकी है। शेष 38 सीटें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के छोटे सहयोगियों में बांटी जाएंगी। इनमें लोक जनशक्ति पार्टी (LJP), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (RLM) प्रमुख रूप से शामिल हैं।
भाजपा ने LJP को की सबसे ज्यादा सीटों की पेशकश
रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा ने LJP प्रमुख चिराग पासवान को सबसे ज्यादा 25 सीटें देने की पेशकश की है। इसी तरह HAM प्रमुख जीतन राम मांझी को 7 सीटें और उपेंद्र कुशवाह की RLM को 6 सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया है। बताया जा रहा है कि चिराग से बातचीत जारी है और वह पसंदीदा सीटों की सूची बना रहे हैं। चिराग के हिस्से की सीटें बढ़ने पर मांझी और कुशवाहा की सीटें कम की जा सकती हैं।
ऐसा है विधानसभा चुनाव का पूरा कार्यक्रम
आयोग की घोषणा के अनुसार, बिहार में 6 और 11 नंवबर को 2 चरणों में मतदान होगा। 14 नवंबर को मतगणना होगी। पहले चरण की अधिसूचना 10 अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 17 अक्टूबर रहेगी और 20 अक्टूबर तक नाम वापसी होगी। इसी तरह दूसरे चरण के मतदान के लिए 13 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी, 20 अक्टूबर को नामांकन की आखिरी तारीख होगी, 23 अक्टूबर तक नाम वापसी और 11 नवंबर को मतदान होगा।
7.43 करोड़ मतदाता चुनेंगे सरकार
चुनाव आयोग की ओर से जारी की गई मतदाता सूची के अनुसार, इस बार बिहार में 7.43 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 3.92 करोड़ और महिला मतदाताओं की संख्या 3.50 करोड से अधिक है। इसी तरह, थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 1,725 है। बता दें कि बिहार में 2020 में 7.36 करोड़ मतदाता थे, जबकि लोकसभा चुनाव 2024 में इनकी संख्या 7.40 करोड़ थी।