Pawan Singh News:बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में NDA की प्रचंड जीत के बाद अब राज्य की राजनीति का फोकस राज्यसभा की खाली होने वाली सीटों पर आ गया है। इसी बीच भोजपुरी सिनेमा के पावरस्टार पवन सिंह को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
NDA को विधानसभा चुनाव में 202 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत मिला है। इस जीत में पवन सिंह की भूमिका अहम मानी जा रही है। उन्होंने चुनाव के दौरान जमकर प्रचार किया और उनका चुनावी गीत‘जोड़ी मोदी आ नीतीश जी के हिट होई…’खूब वायरल हुआ। यह गाना चुनाव से पहले और जीत के बाद भी NDA समर्थकों के बीच जोश भरता रहा।
अब सियासी गलियारों में चर्चा है कि BJP पवन सिंह को इस योगदान का रिटर्न गिफ्ट दे सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पार्टी उन्हें राज्यसभा भेजने पर विचार कर रही है, हालांकि शीर्ष नेतृत्व की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दरअसल, 9 अप्रैल 2026 को बिहार से राज्यसभा की 5 सीटें खाली होने जा रही हैं। इनमें 2 सीटें RJD, 2 JDU और 1 सीट उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी से जुड़ी मानी जा रही हैं। NDA की रणनीति है कि इन पांचों सीटों पर उसके ही उम्मीदवार जीतें और महागठबंधन को कोई मौका न मिले।
सूत्रों के मुताबिक, सीट बंटवारे में BJP और JDU को दो-दो सीटें मिल सकती हैं, जबकि एक सीट LJP (रामविलास) को दिए जाने की अटकलें हैं। वहीं HAM प्रमुख जीतन राम मांझी भी राज्यसभा की एक सीट की मांग कर चुके हैं। अगर पवन सिंह को राज्यसभा भेजा जाता है, तो यह BJP के कोटे से ही होगा।
गौरतलब है कि चुनाव के बाद BJP ने बिहार में कई बड़े संगठनात्मक बदलाव भी किए हैं। पूर्व मंत्री नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया, जबकि संजय सरावगी को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। ऐसे में पवन सिंह को राज्यसभा भेजे जाने का फैसला चौंकाने वाला नहीं माना जा रहा।
