कानपुर, उत्तर प्रदेश: विश्व कैंसर दिवस (World Cancer Day) के उपलक्ष्य में कानपुर के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक सराहनीय कदम उठाया गया है। शहर के प्रसिद्ध पारस हॉस्पिटल ने मरीजों और उनके तीमारदारों की समस्याओं को समझते हुए ‘निशुल्क बस सेवा’ की शुरुआत की है। इस सेवा का मुख्य उद्देश्य शहर के दूर-दराज के इलाकों से आने वाले कैंसर रोगियों को बिना किसी असुविधा के अस्पताल तक पहुँचाना है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने दिखाई हरी झंडी
इस विशेष सेवा का औपचारिक शुभारंभ कानपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. हरी दत्त नेमी ने बस को हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल के डायरेक्टर (मेडिकल आन्कोलॉजी) डॉ. एस. के. शर्मा और डायरेक्टर रजत बजाज ने मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत फूलों के गुलदस्ते से किया। सीएमओ डॉ. नेमी ने पारस हॉस्पिटल के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए वरदान साबित होगी।
इन रूटों पर दौड़ेगी निशुल्क बसें
मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल प्रबंधन ने शहर के तीन सबसे व्यस्त और प्रमुख केंद्रों को आधार बनाया है। बसों का संचालन निम्नलिखित स्थानों से विभिन्न रूटों के माध्यम से किया जाएगा:
- रामादेवी चौराहा
- विजयनगर
- नौबस्ता
इन पॉइंट से बसें नियमित समय पर चलेंगी, जिससे मरीजों को ऑटो या अन्य निजी वाहनों के महंगे किराए और धक्कों से मुक्ति मिलेगी।
एक ही छत के नीचे कैंसर का संपूर्ण इलाज
अस्पताल के वरिष्ठ कैंसर विशेषज्ञ डॉ. एस. के. शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “आज के समय में कैंसर के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है, जो समाज के लिए चिंता का विषय है। हमारा उद्देश्य है कि कानपुर के मरीजों को इलाज के लिए मुंबई या दिल्ली जैसे बड़े शहरों की दौड़ न लगानी पड़े।”
उन्होंने आगे बताया कि पारस हॉस्पिटल में अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी और विशेषज्ञों के एक पैनल के माध्यम से कैंसर का उपचार किया जा रहा है। यहाँ सर्जरी और उपचार से पहले डॉक्टरों की टीम केस पर विस्तृत चर्चा करती है, ताकि मरीज को सर्वोत्तम परिणाम मिल सकें।
आयुष्मान और विधायक निधि की सुविधा उपलब्ध
मरीजों को राहत देते हुए अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि यहाँ आयुष्मान भारत योजना के तहत निशुल्क इलाज के साथ-साथ अब विधायक निधि की सुविधा भी सुचारू रूप से शुरू कर दी गई है। इससे निम्न आय वर्ग के लोग भी उच्च स्तरीय कैंसर उपचार का लाभ ले सकेंगे।
इस अवसर पर डॉ. कुणाल पाठक और डॉ. अजय कुमार सिंह समेत अस्पताल का समस्त स्टाफ और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
