पालक्काड (केरल) | 5 फरवरी, 2026
केरल के पलक्कड़ जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। पलक्काड टाउन साउथ पुलिस ने बुधवार देर रात एक पिकअप वैन से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इन विस्फोटकों को बड़ी ही चालाकी से तरबूजों की एक खेप के नीचे छिपाया गया था ताकि किसी को शक न हो।
कैसे हुआ इस ‘मौत की वैन’ का खुलासा?
पुलिस के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि राज्य में अवैध रूप से भारी मात्रा में विस्फोटक लाया जा रहा है। इसी इनपुट के आधार पर पलक्काड मेडिकल कॉलेज के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। जब संदिग्ध पिकअप वैन को रुकने का इशारा किया गया, तो ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे भगा लिया। पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में पीछा कर वैन को दबोच लिया।
बरामदगी के आंकड़े देख उड़ गए होश
जब पुलिस ने वैन की तलाशी ली, तो ऊपर से तो सिर्फ ताजे तरबूज नजर आ रहे थे, लेकिन जब उन्हें हटाया गया तो नीचे विस्फोटक के डिब्बे देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। बरामद सामग्री में शामिल हैं:
- 100 से अधिक बॉक्स जिलेटिन स्टिक्स
- 20 से अधिक बॉक्स हाई-इंटेंसिटी डेटोनेटर
कोयंबटूर से त्रिशूर का कनेक्शन: ड्राइवर का कबूलनामा
पुलिस ने वैन के ड्राइवर ‘सैंथिल’ को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि उसने यह विस्फोटक की खेप तमिलनाडु के कोयंबटूर से लोड की थी और इसे त्रिशूर की एक खदान में ले जाया जा रहा था। हालांकि, पुलिस इस थ्योरी पर पूरी तरह भरोसा नहीं कर रही है, क्योंकि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक बिना किसी वैध दस्तावेज के ले जाना एक गंभीर सुरक्षा चूक है।
क्या है आतंकी एंगल? जांच में जुटी एजेंसियां
पलक्कड़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या यह विस्फोटक वाकई खनन के काम के लिए था या इसके पीछे किसी बड़ी आतंकी घटना की योजना थी। गौरतलब है कि केरल के कई इलाके पहले भी संवेदनशील रहे हैं, ऐसे में इतनी बड़ी बरामदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
