महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में जोरदार जीत हासिल कर सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरी भारतीय जनता पार्टी ने अपने मुख्यमंत्री का एलान कर दिया है। चुनावों में महायुति के नेता के रूप में भारतीय जनता पार्टी के नेता देवेन्द्र फड़नवीस राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। देवेन्द्र फड़नवीस को आज यहां विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के विधायक दल का नेता चुना गया। महायुति में शामिल शिवसेना के नेता एवं निवर्तमान मुख्यमंत्री एकनाथ शिन्दे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता अजीत पवार ने पहले ही भाजपा के मुख्यमंत्री के साथ एकजुटता से काम करने की घोषणा की है।
भाजपा के पर्यवेक्षक के रूप में केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मौजूदगी में भाजपा नेता चंद्रकांत पाटिल और सुधीर मुनगंटीवार ने पार्टी के 132 विधायकों के सामने देवेन्द्र फड़नवीस के नाम का प्रस्ताव रखा जिसका पंकजा मुंडे एवं कई अन्य विधायकों ने पूरे उत्साह से अनुमोदन किया।
सूत्रों के अनुसार महायुति सरकार का शपथग्रहण समारोह गुरुवार को आजाद मैदान में होने की तैयारी है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के साथ शिवसेना एवं राकांपा से दो उप मुख्यमंत्री भी शपथ ले सकते हैं। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 288 सीटों में से महायुति को 230 सीटें प्राप्त हुईं हैं जिनमें से भाजपा ने 132 सीटें जीती है, तो एकनाथ की अगुवाई वाली शिवसेना को 57 और अजीत पवार की राकांपा को 41 सीटें मिली हैं। इस तरह भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और इस बार मुख्यमंत्री पद भाजपा को स्वाभाविक रूप से मिलना तय हुआ है।