कानपुर शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या से निजात दिलाने के लिए ई-रिक्शा और ई-ऑटो संचालन को व्यवस्थित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब शहर में ये वाहन चार रंगों वाले कलर कोड रूट सिस्टम के तहत संचालित किए जाएंगे।
मंगलवार को पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में यह अहम निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने की। इसमें ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने और जाम की समस्या को कम करने पर विस्तार से चर्चा की गई।निर्णय के अनुसार, ई-रिक्शा और ई-ऑटो को चार अलग-अलग रंगों में विभाजित कर उनके निश्चित रूट तय किए जाएंगे। इससे वाहन चालकों को भ्रम नहीं होगा और वे तय मार्ग पर ही संचालन करेंगे। इससे अवैध पार्किंग और मनमानी रूटिंग पर रोक लगेगी।
इसके साथ ही, ई-रिक्शा और ई-ऑटो के लिए निर्धारित पार्किंग स्टैंड और ठहराव स्थल भी चिन्हित किए जाएंगे। पुलिस, परिवहन विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम इन रूटों का सर्वे कर अंतिम रूप देगी।
ट्रैफिक सुधार के लिए IIT कानपुर के विशेषज्ञों द्वारा किए गए एनालिटिक्स आधारित अध्ययन को भी लागू किया जाएगा। खासतौर पर भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक फ्लो सुधारने के व्यावहारिक उपाय अपनाए जाएंगे, जिससे आम नागरिकों को जाम से राहत मिल सके।
