टोल प्लाजा पर गैस टैंकर में भीषण विस्फोट, मची अफरा-तफरी, कई लोग गंभीर रूप से घायल - NewsKranti

टोल प्लाजा पर गैस टैंकर में भीषण विस्फोट, मची अफरा-तफरी, कई लोग गंभीर रूप से घायल

admin
By
admin
3 Min Read

कौशांबी। जनपद कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र स्थित कोखराज टोल प्लाजा पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित टोल प्लाजा पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक गैस से भरा टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर टोल बूथ से जा टकराया। टक्कर के कुछ ही क्षण बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरा क्षेत्र दहल उठा। विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गैस टैंकर तेज गति में था। टोल प्लाजा के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टैंकर सीधे टोल बूथ से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में आग और धुएं का बड़ा गुबार उठने लगा। देखते ही देखते टोल के किनारे टोल ऑफिस भी आग काबू में आ गया । एवं टोल कर्मचारियों के वाहनों को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 4 से 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में टोल कर्मी और वहां मौजूद अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड एवं एम्बुलेंस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।



घटना की जानकारी मिलते ही कोखराज थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पाने और किसी बड़े हादसे को रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर टोल प्लाजा के आसपास का क्षेत्र खाली करा दिया है तथा यातायात को दूसरे मार्गों पर डायवर्ट किया जा रहा है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। गैस रिसाव और आग की स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित करने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर टैंकर के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी खराबी या अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाका इतना तेज था कि आसपास के क्षेत्रों में मौजूद लोग भी दहशत में आ गए। कई लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

Share This Article