दिल्ली में शुरू हुई अटल कैंटीन सेवा, अब सिर्फ 5 रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन - NewsKranti

दिल्ली में शुरू हुई अटल कैंटीन सेवा, अब सिर्फ 5 रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन

अटल जी के जन्मदिन पर दिल्ली में अटल कैंटीन सेवा की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उद्घाटन किया। अब गरीब और मजदूरों को 5 रुपये में भरपेट भोजन मिलेगा।

Saniya Soni
2 Min Read
ख़बर एक नज़र में :
  • दिल्ली में अटल कैंटीन सेवा की शुरुआत
  • 5 रुपये में भरपेट और पौष्टिक भोजन
  • पहले चरण में 45 कैंटीन का उद्घाटन
  • दाल-चावल-रोटी-सब्जी और मिनरल वाटर शामिल
  • 10-15 दिनों में बाकी कैंटीन भी शुरू होंगी

दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के अवसर पर अटल कैंटीन सेवा की शुरुआत कर दी गई है। बुधवार (25 दिसंबर) को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने नेहरू नगर स्थित अटल कैंटीन का रिमोट के जरिए उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और गृह मंत्री आशीष सूद भी मौजूद रहे।

पहले चरण में दिल्ली के 45 स्थानों पर अटल कैंटीन शुरू की गई हैं, जबकि कुल मिलाकर लगभग 100 जगहों पर यह सेवा लागू की जा रही है। सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि ग्रेप-4 प्रतिबंधों के चलते 55 कैंटीन का उद्घाटन नहीं हो सका, लेकिन 10 से 15 दिनों में सभी कैंटीन शुरू कर दी जाएंगी।

अटल कैंटीन में लोगों को सिर्फ 5 रुपये में स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन मिलेगा। रोजाना भोजन में दाल, चावल, रोटी, सब्जी, अचार और स्वच्छ मिनरल वाटर शामिल होगा। दाल और सब्जी में रोज बदलाव किया जाएगा। यहां दोपहर और रात दोनों समय भोजन उपलब्ध रहेगा।

- Advertisement -

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि एक थाली भोजन की वास्तविक लागत करीब 30 रुपये है, जिसमें से 25 रुपये सरकार वहन करेगी। लोगों से सम्मानपूर्वक भोजन ग्रहण करने के लिए 5 रुपये का योगदान रखा गया है।

सीएम ने कहा कि यह योजना गरीब, मजदूर और जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने यह भी बताया कि अटल जी के जन्मदिन को दिल्ली सरकार सुशासन दिवस के रूप में मना रही है। इस अवसर पर दिल्ली में जिलों की संख्या बढ़ाकर 13 कर दी गई है और नए जिलों में डीएम और एसडीएम की नियुक्ति भी कर दी गई है।

Share This Article