Rampur Road Accident: नैनीताल हाईवे पर भूसे से भरा ट्रक बोलेरो पर पलटा, SDO के ड्राइवर की मौत
उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में नैनीताल हाईवे पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पहाड़ी गेट के पास भूसे से भरा एक ट्रक बिजली विभाग के एसडीओ की बोलेरो गाड़ी के ऊपर पलट गया। इस हादसे में बोलेरो चला रहे ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक और बोलेरो सवार पहले निकलने की कोशिश में आमने-सामने आ गए। जगह कम होने के बावजूद दोनों वाहन आगे बढ़ते रहे। इसी दौरान ट्रक डिवाइडर से टकराया और अनियंत्रित होकर बोलेरो के ऊपर पलट गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन और जेसीबी की मदद से ट्रक से भूसा हटाया गया और बोलेरो को बाहर निकाला गया। मृतक ड्राइवर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस हादसे के कारण नैनीताल हाईवे पर करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। ट्रैफिक को डायवर्ट करना पड़ा। ट्रक हटने के बाद यातायात बहाल हो सका।
पुलिस के अनुसार, यदि ट्रक चालक ब्रेक लगा देता या बोलेरो चालक पहले ट्रक को निकलने देता, तो यह हादसा टाला जा सकता था। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी जांच की जा रही है।
