आगरा एक्सप्रेस वे पर बड़ा हादसा, बस पलटने से 3 की मौत

admin
By
admin
2 Min Read

आगरा एक्सप्रेस वे पर सफर करना एक बार फिर अंतिम सफर बना है। सुबह करीब 03:20 बजे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 216 के पास दिल्ली से सिवान जा रही डबल डेकर बस संख्या BR 23 P 9389 अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे 3 लोगों की मौत हो गई। जबकि 25 अन्य घायल हुए है। जिनमें से 15 यात्रियों को एम्बुलेंस द्वारा सीएचसी बिल्हौर लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार उपरांत सभी घायलों को हैलेट अस्पताल, कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।

SDM बिल्हौर संजीव कुमार दीक्षित ने मृतकों की पहचान अनुराग (5 वर्ष), निवासी सिवान; नसीम आलम (30 वर्ष), निवासी ईस्ट चंपारण; और शशि गिरी (26 वर्ष), निवासी मीरपुर, सिवान के रूप में की है। अनुराग की मां गुड्डी देवी का पैर कट गया है और उनकी हालत गंभीर बताई गई है। अन्य परिजन भी घायल हैं।

बस के पलटते ही भीतर अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री सीटों व टूटे शीशों के बीच फंस गए। पुलिस, यूपीडा पेट्रोलिंग टीम और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुँचे। रेस्क्यू टीम ने कटिंग मशीन से बस की खिड़कियाँ काटकर यात्रियों को बाहर निकाला और सभी घायलों को हैलट अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार कुछ यात्री गंभीर स्थिति में हैं, जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

घायलों में सबसे अधिक संख्या बिहार के यात्रियों की है। इसके अलावा यूपी के 4, दिल्ली के 3 और हरियाणा का 1 व्यक्ति घायल हुआ है। प्रशासन ने नुकसानग्रस्त बस को क्रेन की मदद से हटाकर यातायात फिर बहाल कर दिया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और रात की धुंध को हादसे का कारण माना गया है।

Share This Article