Humayun Kabir Political Party:पश्चिम बंगाल की राजनीति में सोमवार (22 दिसंबर 2025) को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिलेगा, जब तृणमूल कांग्रेस (TMC) से निष्कासित विधायक हुमायूं कबीर अपनी नई राजनीतिक पार्टी की औपचारिक घोषणा करेंगे। उनकी पार्टी का नाम जनता उन्नयन पार्टी होगा।
हुमायूं कबीर यह घोषणा मिर्जापुर से करेंगे, जो बेलडांगा के क़रीब स्थित है। यह वही इलाका है जहां उनकी ओर से प्रस्तावित बाबरी मस्जिद स्थल बताया जाता है। हुमायूं कबीर अल्पसंख्यक बहुल मुर्शिदाबाद जिले की भरतपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं और दावा कर रहे हैं कि उन्हें भारी जनसमर्थन प्राप्त है।
नई पार्टी लॉन्च से पहले हुमायूं कबीर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा,“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे बड़े नेता हैं और हमें उनका सम्मान करना चाहिए। वह देश के सबसे बड़े संवैधानिक पद पर हैं। मैं एक आम इंसान हूं, मेरी उनसे कोई तुलना नहीं हो सकती।”
उन्होंने यह भी कहा कि वह पिछले 43 वर्षों से राजनीति में सक्रिय हैं और उन्होंने कई बड़ी रैलियों का नेतृत्व किया है। हुमायूं कबीर के अनुसार, उन्होंने जिला पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भी आंदोलन किए और बरहामपुर में लाखों लोगों की रैली आयोजित की थी
उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के साथ साझा मंच पर रैलियां करने का भी दावा किया और कहा कि प्रणब मुखर्जी उस समय वित्त, रक्षा और विदेश मंत्री रह चुके थे।
चुनावी रणनीति को लेकर हुमायूं कबीर ने साफ किया कि वह फिलहाल बीजेपी और TMC दोनों के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कांग्रेस, वाम दलों और ISF समेत सभी गैर-बीजेपी और गैर-TMC पार्टियों से उनके साथ आने की अपील की, ताकि पश्चिम बंगाल में मौजूदा सरकार को बदला जा सके, लेकिन बीजेपी को सत्ता में आने से रोका जा सके।
