कानपुर। कानपुर केस्को की नवनियुक्त प्रबंध निदेशक (MD) नेहा जैन ने कार्यभार संभालते ही बिजली उपभोक्ताओं की सबसे बड़ी उलझन को दूर कर दिया है। अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि विभाग उपभोक्ताओं को सुविधा तो देगा, लेकिन राजस्व वसूली और नियमों के पालन में सख्ती भी बरती जाएगी।
एमडी नेहा जैन ने प्रीपेड से पोस्टपेड मीटर कन्वर्जन पर बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि शहर में स्मार्ट मीटर दो अलग-अलग चरणों में लगाए गए थे, जिनके नियम भी अलग होंगे।
बड़ा अपडेट: सभी मीटर पोस्टपेड नहीं होंगे
एमडी ने स्पष्ट किया कि कानपुर में Genus (जीनस) कंपनी के मीटरों को ही सरकार के निर्देशानुसार पोस्टपेड मोड में बदला जा रहा है। वहीं, पहले चरण में लगे ESL कंपनी के लगभग 1 लाख से अधिक मीटर पूर्व की भांति प्रीपेड मोड में ही चलते रहेंगे। इन उपभोक्ताओं को पहले की तरह रिचार्ज कराना अनिवार्य होगा। यह स्पष्टीकरण उन हजारों उपभोक्ताओं के लिए राहत और सूचना है जो मीटर कन्वर्जन को लेकर असमंजस में थे।
10 जून को आएगा पहला बिल, ऑटोमैटिक और मैनुअल रीडिंग की तैयारी
जिन उपभोक्ताओं के मीटर पोस्टपेड हो चुके हैं, उन्हें मई माह की खपत का बिल 10 जून 2026 को प्राप्त होगा। केस्को ने इसके लिए तकनीकी खाका तैयार कर लिया है:
- बिल SMS और WhatsApp के जरिए सीधे मोबाइल पर भेजा जाएगा।
- हर माह की 10 तारीख तक बिल जेनरेट करना अनिवार्य होगा।
- यदि ऑटोमैटिक रीडिंग में कोई तकनीकी बाधा आती है, तो विभाग 5 तारीख के बाद मैनुअल रीडिंग लेकर बिल जारी करेगा।
सिक्योरिटी मनी की वापसी और बकाये पर ‘किस्त’ सुविधा
एमडी नेहा जैन ने राहत देते हुए कहा कि जो सिक्योरिटी मनी पहले एडजस्ट हो गई थी, उसे अब जून से अगले 4 महीनों की किस्तों में बिल में वापस जोड़ा जाएगा। इसके अलावा:
- घरेलू उपभोक्ता: 30 अप्रैल 2026 तक का पुराना बकाया 10 आसान किस्तों में दे सकेंगे।
- अन्य श्रेणियां: कमर्शियल व अन्य श्रेणी के लिए 3 किस्तों की सुविधा दी गई है।
