बलिया। जनपद के सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के लीलकर गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बिहार निवासी एक महिला अपने कथित प्रेमी को बुलाने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला करीब 24 घंटे तक टावर के ऊपरी हिस्से पर बैठी रही, जिससे पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी रही।
जानकारी के अनुसार बिहार की रहने वाली पूनम देवी अपने कथित प्रेमी सौरभ बिंद की तलाश में बलिया पहुंची थी। सौरभ बिंद उभांव क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है और वह पहले से शादीशुदा है। महिला को जब उसके लीलकर गांव स्थित ससुराल में होने की जानकारी मिली तो वह वहां पहुंच गई और प्रेमी को बुलाने की मांग करते हुए एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। लाउडस्पीकर के माध्यम से महिला को लगातार समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पूरा क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया।
पुलिस उपाधीक्षक रजनीश कुमार यादव ने बताया कि महिला से बातचीत के बाद उसके द्वारा बताए गए व्यक्ति सौरभ बिंद को देवरिया से ट्रेस कर लिया गया। काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस घटना को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुटी रही।
प्रेमी को बुलाने की जिद में 24 घंटे मोबाइल टावर पर चढ़ी रही महिला, पुलिस के छूटे पसीने
