दिल्ली में कोरोना रिकवरी दर 97 फीसदी के करीब - NewsKranti

दिल्ली में कोरोना रिकवरी दर 97 फीसदी के करीब

admin
By
admin
2 Min Read

नयी दिल्ली: राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस (कोविड-19) के नये संक्रमित मामलों की तुलना में स्वस्थ होनेे वालों की संख्या अधिक होने से सक्रिय मामलों में कमी का दौर जारी है तथा राहत की एक और बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर अब 97 फीसदी पहुंच गयी है।

दिल्ली में सक्रिय मामलों में 787 की और कमी आने से इनकी संख्या मंगलवार को घटकर 8,735 रह गयी। राजधानी में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या में वृद्धि होने से सक्रिय मामलों में कमी दर्ज की गयी है।

दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग की ओर से आज जारी बुलेटिन के अनुसार इस अवधि में केवल 939 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 6,18,747 तक पहुंच गयी है जबकि 1,434 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोना मुक्त लोगों की संख्या बढ़कर 5,99,683 हो गयी। इसके साथ ही कोरोना रिकवरी दर 96.91 फीसदी तक पहुंच गयी है जो राष्ट्रीय औसत (95.65 फीसदी) से अधिक है।

- Advertisement -

Also Read: देश में तेजी से कम हो रहे कोरोना के सक्रिय मामले

इस दौरान 25 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 10,329 पहुंच गया है। राजधानी में मृत्यु दर महज 1.66 फीसदी रह गयी है। मृतकों के मामले में पूरे देश में दिल्ली चौथे स्थान पर है।

राजधानी में पिछले 24 घंटों के दौरान 82,386 नमूनों का परीक्षण किया गया। इसके साथ ही अब तक हुई जांच संख्या बढ़कर करीब 79.47 लाख के पार पहुंच गयी है। प्रत्येक दस लाख आबादी पर जांच का औसत 4,18,168 है।

इस बीच राजधानी में निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या में गिरावट का दौर जारी है। फिलहाल दिल्ली में निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या 5833 है।

Share This Article