इटावा :- वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण से देश ही नहीं पूरा विश्व जूझ रहा है। अब तो जिला भी इससे अछूता नहीं है। यहां पर भी दिनों दिन संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। रविवार को शहर के पक्का तालाब स्थित श्री सांई धाम मंदिर के भक्तों ने गायत्री यज्ञ आयोजित किया और आहुतियां डालकर वेद माता गायत्री से विश्व को कोरोना से मुक्ति दिलाने की कामना की।
लॉकडाउन के चलते मंदिर में सिर्फ पुजारी प्रतिदिन आरती कर रहे हैं। लेकिन रविवार को मंदिर के बाहर पक्का तालाब के किनारे गायत्री यज्ञ आयोजित किया गया। यज्ञ में सिर्फ पांच लोग ही शामिल हुए और उन सभी ने भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया और मास्क लगाकर आहुतियां डालीं। यज्ञ आचार्य निष्कासन मिश्रा ने यज्ञ सम्पन्न कराया। ज्योतिषाचार्य शैलेन्द्र कुमार मिश्रा, मंदिर के प्रबंधक संतोष पटेल, सभासद राम सिंह रामू, अंकुश मिश्रा, मुन्नू सिंह, सत्यनरायन वर्मा ने यज्ञ में आहुतियां डाली। इसके बाद सांई नाथ महाराज की आरती भी उतारी गई। संतोष पटेल ने बताया कि यज्ञ से वातावरण शुद्ध रहता है और जो भी वैक्टीरिया वातावरण में होता है वह यज्ञ से निकलने वाले धुंए से नष्ट हो जाते हैं। वेद माता गायत्री से सभी ने यही कामना की देश ही नहीं बल्कि विश्व के लोगों में इस महामारी से जल्द से जल्द निजात दिलाई जाए।
रिपोर्ट शिवम दुबे/ रिंकू तिवारी