सहारनपुर। भीषण गर्मी के बीच ठंडी हवा पाने की कोशिश एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गई। थाना कुतुबशेर क्षेत्र में रेलवे क्वार्टरों के बीच स्थित ऊंची पानी की टंकी पर सो रहे एक युवक की नीचे गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अज्ञात युवक मंगलवार रात भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए पानी की ऊंची टंकी पर चढ़कर सो गया था। देर रात नींद में करवट बदलते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह कई फीट ऊंचाई से नीचे जमीन पर आ गिरा। सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने टंकी के नीचे युवक का लहूलुहान शव पड़ा देखा तो हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर थाना कुतुबशेर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को पानी की टंकी के ऊपर एक चादर और कंबल भी मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक रातभर वहीं सो रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
एसपी सिटी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। युवक की शिनाख्त होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी।
गौरतलब है कि इन दिनों पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण लोग राहत पाने के लिए विभिन्न उपाय अपना रहे हैं। हालांकि यह घटना सावधानी बरतने की बड़ी सीख भी दे गई है कि ऊंचे और असुरक्षित स्थानों पर सोना जानलेवा साबित हो सकता है।
भीषण गर्मी से बचने की कोशिश बनी जानलेवा, पानी की टंकी से गिरकर युवक की मौत
